Saturday, September 11, 2010

भारत और विज्ञान


दोस्तों एक प्रश्न मेरे मन में बार-बार उठता है की आखिर सारे नए महत्वपूर्ण आविष्कार दूसरे देशों में ही क्यों होते हैं. जनसँख्या के हिसाब से हम विश्व में दूसरा स्थान रखते हैं, किन्तु आविष्कारों के हिसाब से हमारा विश्व में क्या स्थान है ?


                    आज हम अपने आस पास नजर डालें तो आखिर कितने आविष्कार ऐसे दिखते हैं, जो की हमारे देश में हुए हैं? कंप्यूटर, मोबाइल, टेलीविजन और अन्य सारे ऐसे आधुनिक आविष्कार जिन्होंने हमारे जीवन को पूरी तरह से बदल दिया है, सभी पश्चिमी देशों की ही देन क्यों हैं? हम पश्चिमी देशों की बुराई करते नहीं थकते और अपनी तारीफों के पुल बांधते नहीं थकते, मगर सामने दिखतीं इन कड़वी सच्चाइयों से क्यों आँखें चुराते फिरते हैं कि वे देश तकनीकी क्रांति में हमसे बहुत-बहुत आगे हैं. हम उनके पीछे-पीछे चल रहे हैं फिर भी अपने को सर्वश्रेष्ठ मानते नहीं थकते.
               
                             हम अपनी कुछ बहुत पुरानी उपलब्धियों या अपनी संस्कृति का ही गान गाते फिरते हैं. परन्तु विकास के इस वर्तमान दौर में हम इन देशों कि तुलना में कहाँ हैं ? हमारे देश में गरीबी, भुखमरी,गन्दगी, बेरोजगारी, आवास कि समस्या, बिजली, पानी, सड़कें हर चीज कि समस्या इतना विकराल रूप ले चुकी है. हमें इन समस्याओं से निपटने के लिए नई क्रांतिकारी तकनीकों कि कहीं ज्यादा जरुरत है.
                             
                            क्या हमारा समाज, हमारी संस्कृति विज्ञान विरोधी है? यदि नहीं तो विज्ञान और वैज्ञानिक हमारे देश में उतना विकास   क्यों नहीं कर पा रहे है, जितना कि पश्चिमी देशों में हो रहा है? हमारे ही यहाँ के लोग पश्चिमी देशों में जाकर  कहीं  ज्यादा  अच्छा  प्रदर्शन कर  पाते हैं, लेकिन खुद के देश में नहीं, क्यों? हमारे देश कि राजनीती, समाज या संस्कृति में कुछ  तो  ऐसी  कमियां हैं जो  हमें  नहीं  दिखतीं किन्तु वो हैं और अपना असर दिखा रहीं हैं. हमारा समाज पूर्णतः वैज्ञानिक समाज क्यों नहीं बन पा रहा है. हम आज 21वी सदी में भी अंधविश्वासों, रूड़ीवादी  परम्पराओं, कुरीतियों में जकड़े हुए हैं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक शान समझते हैं. 
                                        
                            जरा कल्पना कीजिये कि हमारे जीवन से पश्चिमी देशों में ईजाद कि गईं सारी तकनीकी चीजों को हटा दिया जाए तो जीवन कैसा होगा ? बिजली, फोन , गाड़ियाँ, कंप्यूटर, गैस चूल्हा आदि सभी कुछ आपके जीवन से छीन लिया जाए तो क्या होगा? हमारा महान  देश, हमारी महान संस्कृति कि जो उपलब्धियां हैं हम सिर्फ उन पर जिन्दा रहना चाहें तो क्या होगा? सिर्फ अपने मुहँ से अपनी महानता के गुण गान करते रहने से कोई महान नहीं बन जाता. कुछ करके दिखाना होगा, ताकि दुनिया सचमुच आपको महान कहे. 
                                     
                              एक छोटा सा पूर्वी देश जापान से ही हम अपनी तुलना कर लें,  हम कितनी सारी  जापानी   कंपनियों के प्रोडक्ट उपयोग करते हैं, जबकि सोचो जापानी लोग कितने इंडियन प्रोडक्ट उपयोग करते होंगें?  चीन के प्रोडक्ट'स कि भरमार है हमारे देश में, और हम कहाँ हैं इनके आगे?
                                     
                              दोस्तों कुछ लोग हमारी उपलब्धियों के नाम पर पुरानी उपलब्धियां गिनवाने लगते हैं, जैसे कि आयुर्वेद, ज्योतिष, योग विद्या, शुन्य का अविष्कार आदि -आदि, तो दोस्तों पहली चीज तो ये कि में आधुनिक वैज्ञानिक उपलब्धियों कि बात कर रहा हूँ. आज हमारी वैज्ञानिक उपलब्धियां क्या हैं?  यदि हम पुरातन काल  में सबसे  अग्रणी थे, तो ये और ज्यादा शर्म कि बात हे कि  हम आज  कहाँ रह गए? आज हम दुनिया में नंबर-1 क्यों नहीं हैं?
                                   
                             जब हम लोगों से भारत कि वैज्ञानिक उपलब्धियों कि बात   करते हें तो वे शान से बताते  हैं कि भारत अन्तरिक्ष में पहुँच गया है, भारत ने परमाणु शक्ति हासिल कर ली है.  लेकिन  दोस्तों ये सब हमने दुनिया में सबसे   पहले हासिल नहीं किया है. अमेरिका और दूसरे कई पश्चिमी देश ये सब हम से बहुत पहले हासिल कर चुके हैं. हम सिर्फ उनका अनुसरण कर रहे हैं ये कोई हमारी खुद कि मौलिक खोजें नहीं हैं जो हमसे दुनिया को पहुच रही हों. हम इतने शालों बाद सिर्फ उनकी नक़ल कर पाए हैं, और उस पर भी फूले नहीं समां रहे हैं.
                                 
                             हमारे देश में ऐसी मौलिक और बड़ी खोजें/आविष्कार नहीं हो पा रहे हैं जो कि भारत से पूरी दुनिया  को मिले और जो कि लोगो के जीवन को उतना ही प्रभावित करें जितना कि विदेशी आविष्कारों जैसे, बिजली, मोबाइल, कंप्यूटर और ऑटो-मोबाइल के साधनों ने हमारे जीवन को किया है.
                           
                           भारत के समाज और राजनीतिज्ञों को बिलकुल  नई वैज्ञानिक सोच-समझ कि सख्त आवश्यकता है, ताकि हम सिर्फ बातें ही नहीं बनाते रहें,बल्कि सचमुच पूरी दुनिया में एक मिशाल  बन  कर पेश आ सकें.

No comments: